रीड- कान्हा म्हारी चुनर अनमोल, पर किया घूमर

रीड- कान्हा म्हारी चुनर अनमोल, पर किया घूमर


ग्वालिययर । माधव विधि महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिनी शिविर में शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। पड़ाव स्थित गायत्री नगर में महाविद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं ने घूमर एवं राजस्थानी लोकगीत कान्हा म्हारी चुनर अनमोल..., केसरिया बालम पधारे म्हारे देश... आदि पर नृत्य की प्रस्तुति दी। सोलो डांस, ग्रुप डांस, स्किट आदि अन्य प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने अपनी भागीदारी पेश की।


दिन की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी निकालकर हुई। इसके बाद सभी स्वयंसेविकाओं ने गायत्री नगर में श्रमदान किया। प्रथम सत्र में भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका विषय पर कार्यशाला हुई। इसमें रोटरी क्लब की अंजली बत्रा ने कहा कि आज का युग महिलाओं का युग है। माधव विधि महाविद्यालय की एनएसएस प्रभारी डॉ. नीति पांडे ने कहा कि महिलाएं अपनी योग्यता और प्रतिभा का हर क्षेत्र में लोहा मनवा रही हैं। इसमें राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, वैज्ञानिक, व्यापार, कला, समाज सेवा, सेना, सुरक्षा बल से लेकर खेल तक शामिल हैं। महिलाएं अपनी कार्यकुशलता से पुरुषों को भी पीछे छोड़ रही हैं। इसलिए यह युग महिलाओं का युग है। अब महिलाएं अबला या बेबस नहीं हैं, वे पुरुष प्रधान समाज में दबी नहीं हैं और न ही चूल्हा-चौका तक सीमित हैं। अब ये नाजुक कलाई वाली महिलाएं नहीं, बल्कि जुल्म का मुकाबला करने वाले मजबूत हाथ हैं।