पंचकल्याण में गजराज खिचेंगे रथ

पंचकल्याण में गजराज खिचेंगे रथ


ग्वालियर / 15 से 20 मार्च तक शहर में आयोजित होने वाले पंचकल्याणक महोत्सव में भगवान के रथ को गजराज खीचेंगे। यह निर्णय पंचकल्याण महोत्सव को लेकर आयोजित हुई बैठक में महोत्सव समिति ने लिया। शनिवार को पंचकल्याण महोत्सव की बैठक चंपाबाग धर्मशाला में आयोजित की गई।


मुनि विहर्ष सागर महाराज, मुनि विजयेष सागर महाराज एवं क्षुल्लक विश्वोत्तर महाराज के सानिध्य में आयोजित बैठक को मुनि विहर्ष सागर महाराज ने संबोधित किया। मुनिश्री ने कहाकि शिल्पी के हाथ लगा कंकर भी शंकर बन जाता है। संस्कारित हो जाए मन तो मानव भी देवत्व को प्राप्त कर सकता है। इसी प्रकार योग्य गुरू के हाथ में हमारा मन संस्कारित होकर देवत्व को प्राप्त कर लेता है। यह पंचकल्याणक महोत्सव आत्मा से परमात्मा बनने का विज्ञान है। धर्म से ही मनुष्य की आत्मा के परमात्मा बनने की यात्रा प्रारंभ होती है। इस अवसर पर पंचकल्याणक महोत्सव की समिति का गठन किया गया। जिसमें अध्यक्ष महेश जैन को बनाया गया है साथ ही सचिव पवन जैन को बनाया है। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष मनोज जैन, कोषाध्यक्ष पंकज जैन, आदि को बनाया गया है।