अप्रैल में आएगी 12 नई सिटी बस, टेम्पो बाहर होने से नहीं होगी दिक्कत
ग्वालियर। शहर में सिटी बसों के संचालन में बाधक बन रहे डीजल टेम्पो 1 अप्रैल से नगर निगम सीमा से बाहर हो जाएंगे। पब्लिक को परेशानी नहीं हो इसलिए अमृत योजना के तहत चलाई जा रही सिटी बसों की संख्या को बढ़ाया जा रहा है। अप्रैल माह में करीब 12 बसें नई आने वाली हैं। इनको दो नए रूट पर संचालित किया जाएगा।
वर्तमान में शहर में करीब 1250 टेम्पो एवं मैजिक वाहन संचालित हो रहे हैं। इनमें करीब 120 डीजल टेम्पो भी है। सिटी बस के संचालन में टेम्पो बड़ी बाधा बने हुए हैं। डीजल टेम्पो प्रदूषण भी फैला रहे हैं। ऐसे में परिवहन विभाग ने 1 अप्रैल तक सभी टेम्पो को नगर निगम सीमा के बाहर करने के निर्देश जारी किए हैं। टेम्पो की संख्या कम होने से शहरवासियों को दिक्कत आ सकती है। इसको ध्यान में रखते हुए स्मार्ट सिटी सीईओ ने अभी से प्लानिंग शुरू कर दी है। इसके तहत 12 नई बसें अप्रैल माह में शहर में आ जाएंगी।
इन मार्गों पर होगा संचालनः-
वर्तमान में 13 सिटी बस शहर में चल रही हैं। इसमें 6 सिटी बस बाड़ा से दीनदयाल नगर के बीच चलती हैं। जबकि 7 बसें पुरानी छावनी से कंपू के बीच संचालित होती हैं। आने वाली 12 बसों में से 6 पुरानी छावनी, हजीरा, चार शहर का नाका होते हुए बाड़ा तक जाएंगी। वहीं 6 बसें एयरपोर्ट, पिन्टो पार्क, सात नंबर चौराहा, सिटी सेंटर से गुड़ी गुड़ा नाका तक पहुंचेगी।
वैसे तो नई बसें अभी ओर आने वाली हैं। मगर टेम्पो को शहर से बाहर किया जा रहा है, इसलिए हमने 12 नई बसें अप्रैल में ही मंगवा ली है। जिससे शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं झेलना पड़ेगी। हर रूट पर सिटी बस की सुविधा उपलब्ध होगी।
अंकित शर्मा, कार्यपालन यंत्री स्मार्ट सिटी